रांची। हिन्दी साहित्य भारती की रांची इकाई की बैठक शुक्रवार को लालपुर स्थित होटल सिटी पैलेस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इकाई के अध्यक्ष बलराम पाठक ने की, जबकि प्रदेश महामंत्री राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संगठन महामंत्री अजय राय ने किया।
बैठक में संगठन की आंतरिक मजबूती और आगामी साहित्यिक गतिविधियों की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई।
नई कार्यकारिणी इस प्रकार घोषित की गई:
- अध्यक्ष – बलराम पाठक
- उपाध्यक्ष – राजेश कुमार, संजय सर्राफ, सुनीता पाठक
- संगठन महामंत्री – अजय राय, सुकुमार झा
- संयुक्त महामंत्री – पूजा शेखर शुक्ला, निशांत पाठक, अभय कुमार पांडेय
“हिंदी केवल भाषा नहीं, सांस्कृतिक चेतना की आत्मा है” – राकेश कुमार
मुख्य अतिथि राकेश कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा, “हिन्दी केवल एक भाषा नहीं, अपितु हमारी सांस्कृतिक चेतना की आत्मा है। साहित्य भारती का उद्देश्य केवल साहित्य का संवर्धन नहीं, अपितु यह एक सांस्कृतिक आंदोलन है, जो जन-जन को जोड़ने का कार्य करता है।”
अध्यक्ष बलराम पाठक ने संगठन की सक्रियता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, “रांची इकाई निरंतर साहित्यिक गतिविधियों में सहभागी रही है। हमें गर्व है कि हमारी टीम हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।”
संगठन महामंत्री अजय राय ने भी बैठक में अपने विचार रखे और संगठन को और सशक्त बनाने की बात कही।
बैठक में राजेश कुमार, संजय सर्राफ, सुकुमार झा, त्रिपुरेश्वर मिश्र, पूजा शेखर शुक्ला, निशांत पाठक सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।