सासनी बुक फेयर में 12 शिक्षाविदों को ‘हिन्दी गौरव सम्मान’, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह को ‘बेटियाँ’ के लिए 51,000 रुपये की सम्मान राशि

आगरा। सासनी विश्व साहित्य सेवा ट्रस्ट, आगरा के तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय निखिल बुक फेयर के अंतर्गत हिन्दी साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले 12 शिक्षाविदों को ‘हिन्दी गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया। इस गरिमामयी आयोजन की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार मोहन मुरारी शर्मा ने की, जबकि पूर्व अपर जिलाधिकारी एवं साहित्यकार आचार्य यादराम सिंह ‘कविकिंकर’ तथा समाजसेवी राजेश खुराना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जनपद हाथरस से डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एवं डॉ. सतना को उनके हिन्दी साहित्यिक योगदान हेतु विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डॉ. पुष्पेंद्र को उनकी चर्चित पुस्तक ‘बेटियाँ’ के लिए ₹51,000 की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह काव्य-संग्रह उन्होंने अपनी पुत्री सेजल गौतम को समर्पित किया है, जिसमें 151 स्वरचित कविताएँ संग्रहीत हैं।

यह संग्रह विश्व पुस्तक मेला, नई दिल्ली तथा अंडमान निकोबार में बेस्ट सेलर सिद्ध हुआ है, जिसकी 10,000 से अधिक प्रतियाँ अब तक बिक चुकी हैं।

डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एवं डॉ. सतना दोनों ही लेखक नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा विद्यार्थी चेतना जैसे विषयों पर हिन्दी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में सक्रिय लेखन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख पुस्तकों में ‘पर्यावरण प्रहरी’, ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, ‘खेल-खेल में बने निपुण’ और ‘हम होंगे कामयाब’ उल्लेखनीय हैं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, हाथरस की शहर विधायक अंजुला माहौर, तथा डायट प्राचार्य निशा सक्सेना सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने लेखकों को शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top